गुरु विश्वामित्र का आदेश मिलते ही श्रीराम ने भंग किया शिव धनुष

रामलीला के तीसरे दिन धनुष यज्ञ, लक्ष्मण-परशुराम संवाद, सीता स्वयंवर की लीला का मंचन

बैतूल।( As soon as Guru Vishwamitra’s order was received, Shri Ram broke the bow of Shiva) श्री कृष्ण पंजाब सेवा समिति के तत्वाधान में रामलीला मैदान गंज में खजूरी जिला सीधी के कलाकारों द्वारा रामलीला का मंचन किया जा रहा है। बुधवार को रामलीला के तीसरे दिन धनुष यज्ञ, लक्ष्मण-परशुराम संवाद, सीता स्वयंवर की लीला का मंचन किया गया। रामलीला के प्रथम दृश्य में देश विदेश से आए राजा महाराजा जनक दरबार में पहुंचकर भगवान शिव के धनुष को तोड़ने का असफल प्रयास करते हैं। गुरु विश्वामित्र का आदेश मिलते ही श्रीराम शिव धनुष भंग कर राजा जनक का संकट दूर करते हैं। शिव धनुष टूटने से क्रोधित परशुराम जनक दरबार पहुंचते हैं। उनका लक्ष्मण के साथ तीखा संवाद होता है। परशुराम अंत में श्री राम के वास्तविक स्वरूप को पहचान जाते हैं और उनकी आराधना कर वापस लौट जाते हैं। श्रीराम के पात्र अभिषेक रसिक और परशुराम के पात्र ने भावपूर्ण अभिनय कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा लक्ष्मण सिंपू द्विवेदी, सीता विकास तिवारी, जोकर वीरेंद्र पांडे, रावण की भूमिका में मंडल के मैनेजर राम चतुर्वेदी, विश्वामित्र जगदंबा प्रसाद तिवारी ने भी शानदार अभिनय कर दर्शकों का मन मोह लिया। मंचन के दौरान श्री कृष्ण पंजाब सेवा समिति ने श्रीराम के आदर्शों पर चलने और उन्हें जीवन में उतारने की अपील की। रामलीला का संचालन निर्देशन आदर्श श्री इंद्रलोक रामलीला मंडल खजूरी के महंत रमेशदास तिवारी महाराज ने किया। इस मौके  बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

आज निकलेगा श्री राम का विवाह जुलूस
श्री कृष्ण पंजाब सेवा समिति के तत्वाधान में आयोजित रामलीला में आज गुरुवार को पंजाबी कृष्ण मंदिर से श्री राम विवाह जुलूस निकलेगा, वहीं रामलीला मंच पर राम कलेवा का मंचन होगा। राम बारात को लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। आयोजन समिति ने बताया कि इसके लिए बाकायदा आयोध्यापुरी (पंजाबी कृष्ण मंदिर) से राम बारात निकाली जाएगी। श्रद्धालु बाराती के रूप में शामिल होंगे। भगवान रामजी दूल्हा बनकर रथ में सवार होंगे, उनके साथ लक्ष्मण जी, भरत जी, शत्रुघ्न जी और गुरू वशिष्ठ भी उपस्थित रहेंगे। बाराती के रूप में समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल होंगे। राम बारात को लेकर श्रद्धालुओं उत्साह का माहौल है।
पुष्प वर्षा से होगा राम बारात का स्वागत
राम विवाह जुलूस का आज पूरे रास्ते भर पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया जाएगा। रामजी की बारात जनकपुरी (माता मंदिर पेट्रोल पंप) पहुंचेगी। इस अवसर जनकपुरी के निवासियों (समिति पदाधिकारियों) द्वारा आत्मीय स्वागत किया जाएगा। यहां प्रभु श्रीराम और माता सीता का विधि-विधान के साथ विवाह सम्पन्न होगा।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

Leave A Reply

Your email address will not be published.