Betul News: शासन की जन हितैषी योजनाओं के हितलाभ के लिए भी अब ग्रामसभा को अधिकार: सांसद
चौथे दिन विधानसभा क्षेत्र भैंसदेही के ग्रामों में पहुंची जनजातीय गौरव यात्रा
Betul News: बैतूल। सांसद(MP) डीडी उईके के नेतृत्व में शुरू हुई क्रांतिवीर टंट्या मामा भील जनजातीय गौरव यात्रा मंगलवार को भैंसदेही विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में पहुंची। जहां भारतीय जनता पार्टी मंडल के समस्त पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे। जिन्होंने जन यात्रा जनजातीय गौरव यात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। स्वागत पश्चात यह यात्रा ग्रामों की ओर आगे बढ़ गई।
इस दौरान सांसद ने विभिन्न ग्रामों में पेसा एक्ट जन जागरूकता अभियान के तहत ग्रामीणों को उनके हक अधिकारों की जानकारी दी।
जनजातीय क्षेत्र के ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के हितलाभ के लिए भी अब ग्रामसभा को अधिकार रहेगा। किस वास्तविक हकदार को हक मिलना चाहिए, उसे ग्रामसभा तय करेगी। अधिसूचित क्षेत्रों में बिना ग्रामसभा की अनुमति के कोई नई शराब की दुकान नहीं खुलेगी। किसी शराब दुकान को हटाने की अनुशंसा भी ग्रामसभा कर सकेगी।
स्कूल, स्वास्थ्य केन्द्र, आंगनबाड़ी केन्द्र, आश्रम, छात्रावास आदि के व्यवस्थित संचालन के लिए मॉनीटरिंग का अधिकार भी ग्रामसभा को होगा। मेला एवं बाजार के प्रबंधन भी ग्रामसभा करेगी। इसके अलावा पेसा एक्ट में जनजातीय वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक प्रावधान किए गए हैं, जिनकी जानकारी से जनजातीय वर्ग को जागरूक करने के उद्देश्य से जनजातीय गौरव यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में ग्राम सभाओं के सशक्तिकरण में शासन की प्रभावी भूमिका रहेगी।
इन ग्रामों में पहुंची यात्रा
यात्रा प्रभारी सीताराम चढोकार ने यात्रा की जानकारी देते हुए बताया कि जनजातीय गौरव यात्रा सुबह 11 बजे बेलढाना, दोपहर 12 बजे माजरवानी, 1 बजे कोरडी, 2 बजे पलासपानी, 3 बजे गारपठार, 4 बजे चिखली, 5 बजे गदराझिरी, 6 बजे नत्थूढाना पहुंची। यात्रा में सांसद दुर्गादास उइके के साथ जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सूरज जावलकर, अजजा मोर्चा जिला अध्यक्ष सीताराम चढोकार, प्रदेश मंत्री दीपक ऊइके, भाजयुमो जिला महामंत्री संतोष चिक्का टेकाम, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य महेन्द्र सिंह चौहान, जिला पंचायत सदस्य सोनू सुनील भलावी, मंडल अध्यक्ष विकास उईके सहित क्षेत्रिय जनपद अध्यक्ष सम्मिलित हुए।