Betul News: अब रास्ता नहीं भटकेंगे अंबा माई जाने वाले श्रद्धालु
धर्म प्रचार प्रसार मंच सेवा एवं अम्बा माई संस्थान ने लगाया दिशा सूचक
Betul News: बैतूल। जिले के प्रमुख आस्था के केंद्र अंबा माई दरबार धारुल(dharul) में पहुंचने के लिए अब श्रद्धालुओं को मार्ग नहीं भटकना पड़ेगा। यहां धर्म प्रचार प्रसार मंच सेवा संस्थान व अंबा माई संस्थान के संयुक्त प्रयास से दिशा सूचक लगा दिया गया है। अब श्रद्धालुओं को धारुल स्थित अंबा माई पहुंचने में आसानी होगी।
उल्लेखनीय है कि सतपुड़ा के घने जंगलों में धारुल अंबा माई दरबार है। इसकी प्रसिद्धि दूर-दूर तक फैली हुई है। इसके चलते यहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। अब तक दिशा सूचक नहीं होने के चलते कई श्रद्धालुओं को दरबार पहुंचने में परेशानी जाती थी, इसे देखते हुए जहां दिशा सूचक लगाया गया। धर्म प्रचार प्रसार मंच राष्ट्रीय प्रभारी रविन्द्र मानकर ने बताया कि जिले के प्रसिद्ध दैविक शक्तिपीठ अम्बा माई जाने वाले यात्री बैतूल से आठनेर, हीरादेही होते हुए माँ अम्बा दरबार धारूल पहुंचते है। मार्ग में कई चौराहो का सामना करते हुए भक्तों को जाना होता है।
कई बार भक्त अम्बा माई जाने की जगह गांव में प्रवेश कर जाते थे, लेकिन पवित्र क्षेत्र अम्बा माई धारूल मंदिर मार्ग पर दिशा सूचक बोर्ड लगने से अब भक्तों को आने जाने में सुविधा होगी। धर्म प्रचार प्रसार मंच सेवा संस्थान एवं अम्बा माई संस्थान धारूल के भक्तों ने दिशा सूचक बोर्ड का आठनेर से शुभारंभ कर धारूल पीठ की ओर प्रस्थान किया। इस पुनीत कार्य के शुभारंभ अवसर पर धर्म प्रचार प्रसार मंच परिवार के रविन्द्र मानकर, युवराज कापसे, राज बारस्कर, विशाल पिपरोले, दिनेश कालभोर, विजय प्रजापति, निखिल सोनी, चेतन धोटे, कृष्णा कुंभारे, संजय वानरे, डीके कालभोर उपस्थित थे।