रीवा शहर की सिटी कोतवाली पुलिस ने एक अंधी हत्या का खुलासा किया
दोनों में कहासुनी हो गई, तभी बादल ने पिंसू गुप्ता को दो चांटे मार दिया। गुस्से में आकर पिंसू गुप्ता ने घर में रखी पिस्टल से बादल बंसल के सिर में गोली मार दी
रीवा शहर की सिटी कोतवाली पुलिस ने एक अंधी हत्या का खुलासा किया है। सूत्रों का दावा है कि पांच दिन पहले दो युवक एक घायल को संजय गांधी स्मृति हॉस्पिटल में भर्ती कराए। इसी बीच दो दिन से लापता भाई को खोजते हुए बहन थाने पहुंच गई। जहां पुलिस को शक हुआ कि भर्ती युवक शायद भाई हो सकता है। परिजन जैसे ही एसजीएमएच पहुंचे। वैसे ही गंभीर हालत होने के कारण एक दिन बाद घायल ने दम तोड़ दिया। पोस्ट मार्टम के दौरान चिकित्सकों ने पुलिस को बताया कि घायल की मौत गन शार्ट से हुई है। ऐसे में सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 316/2022 आईपीसी की धारा 302, 201 एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट अज्ञात आरोपी के विरुद्ध कायम कर विवेचना शुरू की। थाना प्रभारी एपी सिंह परिहार की मानें तो लापता भाई की खोज में बहन बिट्टन थाने आई थी। बहन ने बताया कि बादल बंसल निवासी गुढ़ चौराहा 9 अप्रैल की रात से लापता है। जबकि कुठुलिया मेला दोनों भाई बहन साथ में गए थे। जहां मेला घूमते समय लकी स्वीपर मिला। लकी स्वीपर अपने साथ बादल बंसल को लेकर पिंसु गुप्ता के पास गया।इसके बाद बादल और पिंसु FZ बाइक में बैठकर कहीं चले गए थे। इसके बाद से भाई का पता नहीं चला। इसी बीच कोतवाली पुलिस के पास एसजीएमएच में भर्ती घायल युवक की जानकारी आई। पुलिस को लगा कि घायल इसी बहन का भाई हो सकता है। ऐसे में अस्पताल मिलाने पहुंची तो घायल दमतोड़ दिया। इधर, आरोपी पिंसू गुप्ता घटना वाले दिन से फरार था।साइबर सेल की मदद से पुलिस ने मुख्य आरोपी पिंसू गुप्ता को चार दिन बाद गिरफ्तार कर ली। पूछताछ में आरोपी पिंसू ने बताया कि 9 अप्रैल को मेला करने के बाद दोनों खेत की अहरी पर गए थे। जहां दोनों ने शराब पार्टी की। रात्रि 10 बजे पिंसू गुप्ता अपने घर बादल बंसल को खाना खिलाने लेकर पहुंचा। इसी बीच दोनों में बातचीत हो गई। तभी बादल ने पिंसू गुप्ता को दो चांटे मार दिया। गुस्से में आकर पिंसू गुप्ता ने घर में रखी पिस्टल से बादल बंसल के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही बादल घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि दोनों भाईयों ने हत्या को हादसे का रूप देने की कोशिश की। ऐसे में मोबाइल, सिम तोड़कर प्रकाश पाण्डेय के घर के पास स्थित कुएं में फेंक दिए। वहीं पिस्टल को अपने घर के बिस्तर में छुपा दिया। इसके बाद पिंसू और प्रतीक बाइक से बादल को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां अज्ञात बताकर SGMH में भर्ती कराते हुए दोनों भाई फरार हो गए। चर्चा है कि 14 अप्रैल को पुलिस ने मुखबिर की मदद से दोनों भाई पिंसू गुप्ता पुत्र महेंद्र कुमार (24), प्रतीक उर्फ अक्कू गुप्ता निवासी पाण्डेय टोला हजारी चौराहा को रानी तालाब से गिरफ्तार कर थाने लाई। यहां दोनों भाईयों ने पूछताछ में पूरी कहानी बताई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुएं में फेंका गया मोबाइल, सिम, पिस्टल, खाली खोखा बरामद कर लिया है।